शहर के मध्य क्षेत्र में घंटों लग रहा जाम, बंद सड़कों ने बढ़ाया ट्रैफिक का दबाव, जूनी इंदौर, रावजी बाजार, गाड़ी अड्डा, चंद्रभागा, नन्दलाल पूरा, जवाहर मार्ग जाम
इंदौर। शहर के मध्य क्षेत्र में इन दिनों घंटों तक लगने वाले ट्रैफिक जाम ने आम लोगों की परेशानी बढ़ा दी है। क्षेत्र में मौजूद बड़े व्यापारिक केंद्रों के साथ ही कई सड़कों के बंद होने और कुछ स्थानों पर निर्माण कार्य अधूरा रहने से ट्रैफिक का दबाव दूसरी मुख्य सड़कों पर बढ़ गया है। त्यौहारी सीजन नजदीक आने के साथ बाजारों में भीड़ बढ़ने से आने वाले दिनों में स्थिति और गंभीर होने की आशंका है।
जूनी इंदौर क्षेत्र से कुछ ही दूरी पर सियागंज, इलेक्ट्रॉनिक मार्केट, जिला कोर्ट, लोहा मंडी और अनाज मंडी जैसे प्रमुख व्यापारिक क्षेत्र हैं। यहां रोजाना बड़ी संख्या में लोगों के साथ वाहनों की आवाजाही होती है। त्यौहारी खरीदारी शुरू होने के कारण बाजारों में भीड़ बढ़ रही है, जिससे पहले से दबाव झेल रही सड़कों पर यातायात का भार और बढ़ गया है।
बंद सड़कों का दबाव मुख्य मार्गों पर
क्षेत्र में कई रास्ते बंद होने से ट्रैफिक व्यवस्था प्रभावित हो रही है। छावनी की बंद सड़क, गाड़ी अड्डा की बंद सड़क और चंद्रभागा क्षेत्र की बंद सड़क के कारण वाहनों को वैकल्पिक मार्गों से गुजरना पड़ रहा है। वहीं जबरन कॉलोनी की सड़क बंद नहीं है, लेकिन निर्माण कार्य अधूरा होने के कारण उसका भी अपेक्षित उपयोग नहीं हो पा रहा है।
इन रास्तों के बंद होने का सीधा असर आसपास की मुख्य सड़कों पर दिखाई दे रहा है। हाथीपाला चौराहा, जूनी इंदौर मुक्तिधाम के पास, चंद्रभागा से जवाहर मार्ग को जोड़ने वाली नई सड़क और रावजी बाजार थाने से कटकटपुरा कब्रिस्तान व सोनकर समाज धर्मशाला तक कई बार वाहनों की लंबी कतारें लग जाती हैं।
सियागंज जाने वाले वाहनों का बढ़ा दबाव
बंद रास्तों के कारण बड़ी संख्या में वाहन चंद्रभागा की नई सड़क या सैफी होटल वाले मार्ग से होते हुए सियागंज की ओर पहुंचने की कोशिश करते हैं। इसका अतिरिक्त दबाव जवाहर मार्ग पर भी पड़ रहा है। वहीं नंदलालपुरा चौराहा भी बढ़े हुए यातायात के कारण कई बार लंबे समय तक जाम की स्थिति में रहता है।
बस स्टैंड क्षेत्र में सड़क पर ही सवारी और सामान
बस स्टैंड क्षेत्र में भी यातायात व्यवस्था को लेकर स्थिति चिंताजनक बनी हुई है। सड़क पर बसों और अन्य वाहनों को खड़ा कर सवारी बैठाने तथा सामान रखने से सड़क की उपलब्ध जगह कम हो जाती है। इससे पहले से मौजूद ट्रैफिक दबाव और बढ़ जाता है। कई बार वाहन चालकों और राहगीरों के बीच विवाद की स्थिति भी बन जाती है।
त्यौहारी सीजन से पहले व्यवस्था सुधारने की जरूरत
शहर के मध्य क्षेत्र में लगातार बढ़ते ट्रैफिक दबाव को देखते हुए बंद सड़कों पर चल रहे काम को जल्द पूरा कराने और वैकल्पिक यातायात व्यवस्था को प्रभावी बनाने की जरूरत है। त्यौहारी सीजन में बाजारों में भीड़ और वाहनों की संख्या बढ़ने पर मौजूदा स्थिति और विकराल हो सकती है। जरूरत है कि जिम्मेदार विभाग बंद सड़कों और अधूरे निर्माण कार्यों को प्राथमिकता से पूरा कराएं, ताकि मुख्य मार्गों पर बढ़ रहा अतिरिक्त दबाव कम हो और आम लोगों को घंटों जाम में फंसने से राहत मिल सके।


व्यापार से स्वच्छ ऊर्जा तक भारत-जर्मनी की बढ़ेगी साझेदारी, PM मोदी ने की बात
शुद्ध आहार–मिलावट पर वार अभियान
लम्पी स्किन डिजीज की स्थिति पर बैठक
बिजली चोरी करने वालों पर कसा शिकंजा, जबलपुर में तीन आरोपी गिरफ्तार
रेलवे कुश्ती दंगल का खिताब उत्तर रेलवे के नाम, शानदार प्रदर्शन से जीती चैंपियनशिप