जैसलमेर में बुजुर्ग मतदाताओं का जोश, उम्र की परवाह किए बिना बूथ तक पहुंचे
जैसलमेर: उम्र के ढलने से भले ही कदमों की गति धीमी पड़ गई हो, परंतु लोकतंत्र के प्रति आस्था और चुनावी निष्ठा में कोई कमी नहीं आई। जैसलमेर नगर परिषद आम चुनाव-2026 के मतदान दिवस पर शहर के विभिन्न पोलिंग बूथों पर बुजुर्ग मतदाताओं का अद्वितीय जज्बा देखने को मिला। कोई अपने परिजनों के कंधों का सहारा लेकर तो कोई छड़ी के सहारे धीरे-धीरे कदम बढ़ाते हुए अपने मताधिकार का प्रयोग करने पहुंचा। शारीरिक अशक्तता के बावजूद बुजुर्गों की इस भागीदारी ने लोकतंत्र के इस पर्व को बेहद खास बना दिया।
44 वार्डों में 80.95 प्रतिशत दर्ज हुआ अंतिम मतदान
जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिला कलक्टर अनुपमा जोरवाल के अनुसार, जैसलमेर नगर परिषद के कुल 45 वार्डों में से वार्ड संख्या 23 में प्रत्याशी के निर्विरोध चुने जाने के कारण वहां चुनाव की आवश्यकता नहीं पड़ी। शेष 44 वार्डों में पंजीकृत 35,837 मतदाताओं में से 29,009 नागरिकों ने अपने मताधिकार का उपयोग किया। इसके साथ ही नगर परिषद क्षेत्र में कुल 80.95 प्रतिशत का भारी मतदान दर्ज किया गया।
सुबह से शाम तक बढ़ता रहा मतदान का ग्राफ
नियंत्रण कक्ष से प्राप्त आंकड़ों के अनुसार, प्रातः काल से ही पोलिंग बूथों पर मतदाताओं की लंबी कतारें लगनी शुरू हो गई थीं। दिन ढलने के साथ मतदान प्रतिशत में लगातार उछाल देखने को मिला:
-
सुबह 10 बजे तक: 21.96 प्रतिशत
-
दोपहर 1 बजे तक: 47.11 प्रतिशत
-
अपराह्न 3 बजे तक: 63.77 प्रतिशत
-
शाम 6 बजे तक: 79.66 प्रतिशत
-
अंतिम मतदान प्रतिशत: 80.95 प्रतिशत
महिलाओं, युवाओं और प्रथम बार वोट देने वालों में जबरदस्त उत्साह
चुनाव प्रक्रिया के दौरान महिलाओं और नवयुवकों की सहभागिता भी अत्यंत सराहनीय रही। सुबह से ही गृहिणियां और कामकाजी महिलाएं कतारों में खड़ी नजर आईं। इसके अलावा, पहली बार अपने मताधिकार का इस्तेमाल करने वाले युवा मतदाताओं में नया पार्षद चुनने को लेकर विशेष उत्साह देखा गया।
पर्यवेक्षक, कलक्टर और एसपी ने लिया व्यवस्थाओं का जायजा
मतदान प्रक्रिया को निष्पक्ष, पारदर्शी और शांतिपूर्ण ढंग से पूरा कराने के लिए प्रशासनिक मशीनरी मुस्तैद रही। चुनाव पर्यवेक्षक नवनीत कुमार, जिला कलक्टर अनुपमा जोरवाल और जिला पुलिस अधीक्षक अभिषेक शिवहरे ने संवेदनशील और अति-संवेदनशील मतदान केंद्रों का औचक निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।
प्रशासन ने शांतिपूर्ण मतदान के लिए शहरवासियों का जताया आभार
सफलतापूर्वक चुनाव संपन्न होने पर जिला प्रशासन और पुलिस अधिकारियों ने जैसलमेर के नागरिकों, बुजुर्गों, युवाओं और महिलाओं का लोकतंत्र में बढ़-चढ़कर भाग लेने के लिए आभार व्यक्त किया। इसके साथ ही चुनावी ड्यूटी में तैनात कर्मचारियों, सुरक्षा बलों और राजनीतिक दलों को शांतिपूर्ण सहयोग के लिए धन्यवाद दिया गया। अब सभी की निगाहें मतगणना और आने वाले चुनाव परिणामों पर टिकी हैं।


व्यापार से स्वच्छ ऊर्जा तक भारत-जर्मनी की बढ़ेगी साझेदारी, PM मोदी ने की बात
शुद्ध आहार–मिलावट पर वार अभियान
लम्पी स्किन डिजीज की स्थिति पर बैठक
बिजली चोरी करने वालों पर कसा शिकंजा, जबलपुर में तीन आरोपी गिरफ्तार
रेलवे कुश्ती दंगल का खिताब उत्तर रेलवे के नाम, शानदार प्रदर्शन से जीती चैंपियनशिप