सत्य निकेतन के बाद दिल्ली में बड़ा डिमोलिशन ड्राइव, खतरनाक और अवैध निर्माण निशाने पर
दिल्ली: सत्य निकेतन में हुए दर्दनाक इमारत हादसे के बाद सवालों के घेरे में आई नगर निगम (MCD) ने राजधानी में अवैध निर्माणों के खिलाफ बड़े पैमाने पर कड़ी कार्रवाई शुरू कर दी है। दिल्ली के विभिन्न क्षेत्रों में अवैध रूप से बनाई जा रही इमारतों को चिन्हित कर उन्हें ध्वस्त किया जा रहा है। प्रशासनिक और पुलिस टीमों ने कीर्ति नगर, लक्ष्मी नगर, पांडव नगर और गीता कॉलोनी जैसे इलाकों में पहुंचकर अवैध ढांचों को गिराने की त्वरित कार्रवाई की।
कीर्ति नगर: 'सर मकान मत तोड़ो, हम खुद हटा लेंगे'... मिन्नतों के बावजूद चला हथौड़ा
बुधवार दोपहर करीब 1:30 बजे नगर निगम का दस्ता कीर्ति नगर के मकान नंबर 5/31 पर बुलडोजर और हथौड़ों के साथ पहुंचा। टीम को देखते ही मकान मालिक ने अधिकारियों के आगे हाथ जोड़कर गुहार लगाई कि वे खुद निर्माण हटा लेंगे। हालांकि, अधिकारियों ने सख्त रुख अपनाते हुए स्पष्ट किया कि एक महीने पहले नोटिस दिए जाने के बावजूद निर्माण नहीं हटाया गया था। पुलिस बल की मौजूदगी में टीम ने पांचवीं मंजिल पर अवैध रूप से बनी छत को हथौड़ों और गैस कटर से महज दो घंटे में पूरी तरह ध्वस्त कर दिया।
लक्ष्मी नगर: स्टे ऑर्डर न मिलने पर पांचवीं मंजिल की छत में किए गए बड़े छेद
दोपहर 12 बजे के आसपास नगर निगम की पांच सदस्यीय टीम पुलिस बल के साथ लक्ष्मी नगर के एफ-ब्लॉक की संकरी गली में पहुंची। निर्माणाधीन पांच मंजिला इमारत के मालिक ने घर में बुजुर्गों का हवाला देकर मोहलत मांगी और शिकायतकर्ता के दस्तावेजों पर सवाल उठाए। हालांकि, अधिकारियों ने बिना कोर्ट स्टे के कार्रवाई रोकने से इनकार कर दिया। इसके बाद कर्मचारियों ने पांचवीं मंजिल पर पहुंचकर छत को क्षतिग्रस्त कर दिया।
पांडव नगर: कार्रवाई का तीखा विरोध, महिला ने कर्मचारियों से झपटे औजार
पांडव नगर के समसपुर जागीर स्थित ई-ब्लॉक में छह मंजिला अवैध ढांचे को ढहाने पहुंची टीम को भारी विरोध का सामना करना पड़ा। मकान में मौजूद महिला ने कार्रवाई का विरोध करते हुए कर्मचारियों के छेनी-हथौड़े छीनकर पास की छत पर फेंक दिए, जिसके बाद महिला पुलिसकर्मियों ने उन्हें हटाया। गृहस्वामियों ने आरोप लगाया कि निगम बड़े बिल्डरों पर कार्रवाई करने के बजाय निजी रंजिश के तहत यह कदम उठा रहा है।
गीता कॉलोनी: खतरनाक ढंग से झुकी चार मंजिला इमारत, गली बंद कर शुरू हुआ ध्वस्तीकरण
दोपहर एक बजे के करीब गीता कॉलोनी स्थित तांगा वाली गली में उस वक्त अफरा-तफरी का माहौल बन गया, जब एक चार मंजिला इमारत एक तरफ खतरनाक रूप से झुक गई। सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए स्थानीय प्रशासन ने बैरिकेडिंग कर पूरी गली को बंद करा दिया। इसके बाद निगम की तकनीकी टीम ने सुरक्षा उपकरणों के साथ इमारत के ऊपरी हिस्से को हथौड़ों से गिराने का काम शुरू किया ताकि किसी बड़े हादसे को टाला जा सके।


व्यापार से स्वच्छ ऊर्जा तक भारत-जर्मनी की बढ़ेगी साझेदारी, PM मोदी ने की बात
शुद्ध आहार–मिलावट पर वार अभियान
लम्पी स्किन डिजीज की स्थिति पर बैठक
बिजली चोरी करने वालों पर कसा शिकंजा, जबलपुर में तीन आरोपी गिरफ्तार
रेलवे कुश्ती दंगल का खिताब उत्तर रेलवे के नाम, शानदार प्रदर्शन से जीती चैंपियनशिप