रायपुर कमिश्नरेट पर सुशील आनंद ने उठाए सवाल, बोले- 25 दिन में 16 मर्डर
रायपुर | प्रदेश कांग्रेस संचार विभाग के अध्यक्ष सुशील आनंद शुक्ला ने राजधानी रायपुर सहित पूरे राज्य में बढ़ती आपराधिक घटनाओं को लेकर सरकार और पुलिस प्रशासन पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने आरोप लगाया कि रायपुर कमिश्नरेट व्यवस्था पूरी तरह विफल साबित हुई है और राज्य में आम जनता की सुरक्षा खतरे में पड़ गई है।
'25 दिनों में 16 हत्याएं, अपराध के आंकड़े छुपा रही पुलिस'
सुशील आनंद शुक्ला ने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि राजधानी में पिछले 25 दिनों के भीतर 16 कत्ल की वारदातें सामने आ चुकी हैं, जबकि बीते चार दिनों में ही वर्चस्व की लड़ाई के चलते दो लोगों की जान चली गई। उन्होंने कहा कि पुलिस आंकड़ों को छिपाने में व्यस्त है और गृहमंत्री विजय शर्मा केवल बयानबाजी कर रहे हैं। शुक्ला ने महिलाओं के विरुद्ध बढ़ते अपराधों और कई वीभत्स घटनाओं का उल्लेख करते हुए सरकार की चुप्पी पर सवाल खड़े किए।
'हर दिन हो रही हत्या और दुष्कर्म की वारदातें'
कांग्रेस नेता ने आंकड़ों का हवाला देते हुए कहा कि प्रदेश में औसतन प्रतिदिन छह हत्याएं और आठ दुष्कर्म के मामले दर्ज हो रहे हैं। सक्ती में युवती को गोली मारने, कोरिया के सोनहत में चार लोगों को जिंदा जलाने, जैजेपुर में दो भाइयों पर गोलीबारी और पेंड्रा के कोटमी बाजार में सराफा व्यापारी की हत्या जैसे मामलों को उठाकर उन्होंने कानून व्यवस्था की बदतर स्थिति को रेखांकित किया।
'गोलीबारी और बमबाजी की घटनाओं से दहशत का माहौल'
उन्होंने आगे कहा कि नई सरकार के गठन के बाद से अब तक 12 से ज्यादा लोगों की गोली मारकर हत्या की जा चुकी है, जिसमें से आठ वारदातें अकेले राजधानी रायपुर की हैं। बिलासपुर, दुर्ग, कवर्धा, जांजगीर-चांपा और जशपुर सहित कई जिलों में सरेआम गोलीबारी हुई है। रायपुर के हीरापुर में बमबाजी और बिरगांव में बम बनाने जैसी घटनाएं यह साबित करती हैं कि प्रशासन का अपराधियों पर से नियंत्रण समाप्त हो चुका है।


व्यापार से स्वच्छ ऊर्जा तक भारत-जर्मनी की बढ़ेगी साझेदारी, PM मोदी ने की बात
शुद्ध आहार–मिलावट पर वार अभियान
लम्पी स्किन डिजीज की स्थिति पर बैठक
बिजली चोरी करने वालों पर कसा शिकंजा, जबलपुर में तीन आरोपी गिरफ्तार
रेलवे कुश्ती दंगल का खिताब उत्तर रेलवे के नाम, शानदार प्रदर्शन से जीती चैंपियनशिप