सिंहस्थ 2028 की तैयारी तेज, उज्जैन में बोहरा मस्जिद का 20 फीट हिस्सा हटाया
उज्जैन| सिंहस्थ 2028 के व्यापक आयोजन को ध्यान में रखते हुए उज्जैन में मार्ग सुधार और चौराहों के जीर्णोद्धार का कार्य तेजी से जारी है। इसी क्रम में मंगलवार को प्रशासन ने केडी गेट क्षेत्र में अतिक्रमण विरोधी कार्रवाई को अंजाम दिया। सड़क के चौड़ीकरण के दायरे में आ रहे धार्मिक निर्माणों के प्रभावित हिस्सों को बुलडोजर की मदद से हटाया जा रहा है।
प्रशासनिक जानकारी के मुताबिक, बोहरा समाज की कमरूबाग मस्जिद का लगभग 20 फीट का भाग पूर्व में ही अलग कर दिया गया था, जबकि मदीना मस्जिद के करीब 5 फीट हिस्से को हटाने की प्रक्रिया अमल में लाई गई। नगर निगम के अनुसार, इस संबंध में संबंधित पक्षों को पूर्व में ही सूचित कर दिया गया था।
कार्रवाई के आरंभ में स्थानीय लोगों और समुदाय के प्रतिनिधियों ने कुछ समय देने की मांग की थी। शहर काजी ने भी इस विषय पर अधिकारियों के साथ वार्ता की बात कही। हालांकि, नगर प्रशासनिक अधिकारियों द्वारा स्थिति स्पष्ट किए जाने और समझाइश के बाद मामला शांत हुआ, जिसके बाद निर्माण कार्य सुचारू रूप से शुरू कर दिया गया।
सिंहस्थ के दौरान उमड़ने वाली श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को सुगम यातायात व्यवस्था देने के उद्देश्य से मुख्य मार्गों का विस्तार किया जा रहा है। अधिकारियों के अनुसार, केडी गेट मार्ग की मौजूदा चौड़ाई 18 मीटर है, जिसे सुगम आवागमन के लिए और विस्तृत किया जा रहा है।
सुरक्षा के लिहाज से केडी गेट क्षेत्र में पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती की गई थी। वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के मार्गदर्शन में कई थानों की पुलिस और रिजर्व फोर्स ने मौके पर शांति व्यवस्था बनाए रखी।


व्यापार से स्वच्छ ऊर्जा तक भारत-जर्मनी की बढ़ेगी साझेदारी, PM मोदी ने की बात
शुद्ध आहार–मिलावट पर वार अभियान
लम्पी स्किन डिजीज की स्थिति पर बैठक
बिजली चोरी करने वालों पर कसा शिकंजा, जबलपुर में तीन आरोपी गिरफ्तार
रेलवे कुश्ती दंगल का खिताब उत्तर रेलवे के नाम, शानदार प्रदर्शन से जीती चैंपियनशिप