‘क्रिश जैन’ बनकर युवती को प्रेमजाल में फंसाने वाला निकला जुम्मन अंसारी, खुला बड़ा राज
भोपाल| सोशल मीडिया के जरिए अपनी असली पहचान छिपाकर एक युवती को अपने प्रेमजाल में फंसाने और उस पर जबरन निकाह करने का दबाव डालने वाले एक शातिर जालसाज का बड़ा खुलासा हुआ है। इंस्टाग्राम पर खुद को ‘क्रिश जैन‘ बताने वाला लखनऊ का रहने वाला आरोपी जब युवती को लेकर दिल्ली पहुंचा, तब उसका असली नाम ‘जुम्मन अंसारी‘ उजागर हुआ। जैसे ही आरोपी ने दिल्ली की एक मस्जिद में ले जाकर निकाह करने की जिद पकड़ी, तब जाकर पीड़िता को उसकी असलियत और मजहब का पता चला। युवती द्वारा इसका कड़ा विरोध किए जाने पर दिल्ली रेलवे स्टेशन पर भारी हंगामा हुआ, जिसके बाद सक्रिय हुई भोपाल पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को धर दबोचा और जेल भेज दिया।
इंस्टाग्राम पर बुना गया झूठ का जाल
निशातपुरा थाने की पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, भोपाल के स्थानीय क्षेत्र की रहने वाली एक युवती की करीब एक साल पहले सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम के माध्यम से इस आरोपी से जान-पहचान हुई थी। उसने अपनी पहचान 'क्रिश जैन' के रूप में बताकर लगातार बातचीत की और युवती को अपने विश्वास में ले लिया। उस पर पूरा भरोसा जमाने के लिए आरोपी लखनऊ से सीधे भोपाल आ गया और करोंद इलाके में रहकर छोटे-मोटे काम करने लगा। कुछ दिन पहले वह युवती को किसी बहाने से करोंद चौराहे पर मिला और बहला-फुसलाकर भोपाल रेलवे स्टेशन ले गया, जहां से दोनों ने ट्रेन पकड़ी और दिल्ली पहुंच गए।
मस्जिद पहुंचते ही खुला सच, रेलवे स्टेशन पर हंगामा
दिल्ली रेलवे स्टेशन पर उतरने के बाद आरोपी युवती को सीधे एक मस्जिद की तरफ ले जाने लगा और उस पर तुरंत निकाह करने का दबाव बनाने लगा। इस अचानक हुए खुलासे और 'क्रिश' के 'जुम्मन' निकलने की सच्चाई से स्तब्ध युवती ने शादी करने से साफ इनकार कर दिया। इसके बाद दोनों के बीच दिल्ली रेलवे स्टेशन के परिसर में ही तीखी झड़प और हंगामा शुरू हो गया।
दूसरी ओर, घर से अचानक लापता हुई युवती की गुमशुदगी की रिपोर्ट उसके परिजनों ने पहले ही भोपाल के थाने में दर्ज करा दी थी, जिसके चलते सभी संबंधित जीआरपी थानों को तत्काल अलर्ट मैसेज भेज दिया गया था।
पुलिस की मुस्तैदी से सुरक्षित वापस लौटी पीड़िता
दिल्ली पुलिस ने जब स्टेशन पर हंगामा कर रहे इस युवक और युवती को संदिग्ध अवस्था में हिरासत में लिया और पूछताछ की, तो पता चला कि युवती भोपाल की रहने वाली है। इसके तुरंत बाद, पहले से जारी किए गए अलर्ट मैसेज और भेजी गई तस्वीर के जरिए युवती की शिनाख्त कर ली गई। दिल्ली जीआरपी ने इसकी सूचना फौरन भोपाल पुलिस को दी और दोनों को अपनी हिरासत में बैठा लिया।
निशातपुरा थाने में गंभीर धाराओं के तहत केस दर्ज
निशातपुरा थाना प्रभारी अनिल यादव ने मामले की पूरी जानकारी देते हुए बताया कि सूचना मिलते ही भोपाल पुलिस की एक टीम तुरंत दिल्ली के लिए रवाना हुई और वहां से पीड़िता को सुरक्षित भोपाल वापस ले आई। पीड़िता की लिखित शिकायत के आधार पर आरोपी जुम्मन अंसारी के खिलाफ विभिन्न संगीन धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने उसे सक्षम न्यायालय में पेश किया, जहां से न्यायिक हिरासत के तहत उसे जेल भेज दिया गया है।


व्यापार से स्वच्छ ऊर्जा तक भारत-जर्मनी की बढ़ेगी साझेदारी, PM मोदी ने की बात
शुद्ध आहार–मिलावट पर वार अभियान
लम्पी स्किन डिजीज की स्थिति पर बैठक
बिजली चोरी करने वालों पर कसा शिकंजा, जबलपुर में तीन आरोपी गिरफ्तार
रेलवे कुश्ती दंगल का खिताब उत्तर रेलवे के नाम, शानदार प्रदर्शन से जीती चैंपियनशिप