अंबिकापुर| अंबिकापुर स्थित ओपन बिरला माइंड इंटरनेशनल स्कूल में कक्षा आठवीं के एक छात्र से उसकी मां के लिए 100 से अधिक बार नोटबुक में अश्लील गालियां लिखवाने का गंभीर मामला तूल पकड़ने के बाद स्कूल प्रबंधन ने अपनी गलती स्वीकार करते हुए सार्वजनिक रूप से माफी मांग ली है। इस अमानवीय घटना के बाद प्रबंधन ने संबंधित शिक्षिका को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।

छात्र से लिखवाई गईं मां की अभद्र गालियां

सामने आई जानकारी के अनुसार, शिक्षिका ने छात्र को उसकी ही कॉपी में 100 से ज्यादा बार मां के लिए अभद्र और अश्लील शब्द लिखने की सजा दी थी। हद तो तब हो गई जब वह नोटबुक छात्र को अपने परिजनों को दिखाने के लिए घर भी भेज दी गई। इस घटना के सार्वजनिक होने के बाद से ही अभिभावकों, स्थानीय नागरिकों और आम जनता में भारी आक्रोश देखने को मिला।

प्रबंधन ने जताई संवेदना, शिक्षिका पर गिरी गाज

मामले के तूल पकड़ने के बाद स्कूल प्रबंधन ने मीडिया के सामने अपनी गलती स्वीकार करते हुए गहरा खेद व्यक्त किया। प्रबंधन ने स्पष्ट किया कि इस प्रकार का कृत्य कतई स्वीकार्य नहीं है। इसी के तहत त्वरित कार्रवाई करते हुए संबंधित शिक्षिका को सस्पेंड कर दिया गया है और भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए कड़े कदम उठाने का भरोसा दिलाया है।

छात्र संगठनों का विरोध और शिक्षा विभाग की जांच

इस घटना को लेकर विभिन्न छात्र संगठनों ने भी कड़ी नाराजगी जाहिर की है और चेतावनी दी है कि यदि दोषियों के खिलाफ और कठोर वैधानिक कार्रवाई नहीं की गई, तो वे जोरदार आंदोलन करेंगे।

वहीं, अंबिकापुर के जिला शिक्षा अधिकारी दिनेश झा ने इस पूरे प्रकरण को बेहद गंभीर मानते हुए तत्काल प्रभाव से विस्तृत जांच के आदेश जारी कर दिए हैं। उन्होंने कहा कि जांच रिपोर्ट के आधार पर जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके अनुसार नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।

स्कूल के मार्केटिंग हेड उत्कर्ष किरण ने इस पूरी घटना को अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण करार दिया। उन्होंने बताया कि प्रबंधन स्तर पर आंतरिक जांच भी कराई जा रही है। फिलहाल, सभी की निगाहें जिला शिक्षा विभाग की जांच रिपोर्ट और आगामी प्रशासनिक कार्रवाई पर टिकी हुई हैं।