इंदौर। भारतीय जनता पार्टी के पूर्व नगर उपाध्यक्ष सोनू श्याम राठौर ने भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन को पत्र लिखकर मध्यप्रदेश भाजपा के प्रदेश मीडिया प्रवक्ता राकेश सिंह यादव की नियुक्ति पर आपत्ति जताई है। उन्होंने नियुक्ति पर पुनर्विचार करते हुए राकेश सिंह यादव को पद से हटाने की मांग की है।

राठौर ने अपने पत्र में कहा कि पार्टी के समर्पित और लंबे समय से संगठन के लिए कार्य कर रहे कार्यकर्ताओं की उपेक्षा कर कांग्रेस से आए व्यक्ति को महत्वपूर्ण जिम्मेदारी देना निष्ठावान कार्यकर्ताओं में निराशा का कारण बन रहा है।

पत्र में उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस शासनकाल के दौरान राकेश सिंह यादव ने राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) के खिलाफ सार्वजनिक मंचों से आपत्तिजनक टिप्पणियां की थीं तथा भाजपा कार्यकर्ताओं के खिलाफ कार्रवाई कराने में भूमिका निभाई थी। राठौर का दावा है कि ऐसे व्यक्ति को संगठन में सम्मानजनक जिम्मेदारी दिया जाना उचित नहीं है।

उन्होंने राष्ट्रीय अध्यक्ष से आग्रह किया है कि मामले पर गंभीरता से विचार करते हुए संबंधित नियुक्ति को निरस्त किया जाए।

हालांकि, पत्र में लगाए गए आरोपों की MPCOVERAGE स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं करता है। इस संबंध में राकेश सिंह यादव या भारतीय जनता पार्टी की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने आने पर समाचार को अपडेट किया जाएगा.